नई दिल्ली. कोरोना वायरस से लड़ाई में कॉरपोरेट जगत भी पूरा योगदान दे रहा है। अब इसी कड़ी में बाबा रामदेव की पतंजलि आयुर्वेद का नाम भी शामिल हो गया है। पतंजलि आयुर्वेद ने अपने साबुन की कीमत में 12.5 फीसदी की कटौती का ऐलान किया है। इसके अलावा पतंजलि ने एलोवेरा, हल्दी और चंदन की कीमतों में भी इतनी ही कटौती की है।
जल्द लॉन्च किया जाएगा हैंड सैनिटाइजर
पतंजलि आयुर्वेद के संस्थापक बाबा रामदेव ने शुक्रवार को कहा कि कोरोना वायरस के कारण देश में हैंड सैनिटाइजर की मांग बढ़ गई है। इससे कालाबाजारी बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मांग को देखते हुए हैंड सैनिटाइजर का उत्पादन करेगी। यह हैंड सैनिटाइजर 15 से 30 दिनों के भीतर उपलब्ध कराया जाएगा। बाबा रामदेव ने कहा कि पतंजलि आयुर्वेद का हैंड सैनिटाइजर दूसरी मल्टीनेशनल कंपनियों (एमएनसी) से ज्यादा प्रभावशाली और सस्ता होगा। बाबा रामदेव ने कहा कि उनकी कंपनी ने पाम ऑयल और सोया ऑयल के दाम में भी 20 फीसदी की कटौती की है।
एचयूएल ने 15 फीसदी तक घटाई कीमत
हिन्दुस्तान यूनीलिवर ने भी कोरोना वायरस से लड़ाई के लिए हाइजीन उत्पाद सैनिटाइजर, लिक्विड हैंड वॉस और फ्लोर क्लीनर्स की कीमतों में 15 फीसदी तक की कटौती की घोषणा की है। कंपनी की ओर से शुक्रवार को बयान जारी कर कहा कि उसने नई कीमत वाले उत्पादों का निर्माण शुरू कर दिया है और कुछ ही सप्ताह में यह उत्पाद बाजार में आ जाएंगे। इसके अलावा एचयूएल ने लाइफबॉय सैनिटाइजर का उत्पादन भी बढ़ा दिया है। कंपनी ने आने वाले कुछ महीनों में 2 करोड़ लाइफबॉय साबुन दान करने का भी ऐलान किया है।
सरकार ने तय की सैनिटाइजर, मास्क की कीमत
कोरोना वायरस के प्रकोप की रोकथाम के लिए सरकार ने सैनिटाइजर और फेस मास्क की कीमत तय कर दी है। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री रामविलास पासवान ने शुक्रवार को ट्वीट के जरिए बताया कि कोरोनावायरस के फैलने के बाद से बाजार में विभिन्न फेस मास्क, इसके निर्माण में लगने वाली सामग्री और हैंड सैनिटाइजर की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि देखी गई है। इसलिए सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए इनकी कीमतें तय कर दी हैं। पासवान ने कहा कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत 2 प्लाई मास्क की खुदरा कीमत आठ रुपए प्रति मास्क और और तीन प्लाई के मास्क की कीमत 10 रुपए प्रति मास्क से अधिक नहीं होगी। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हैंड सैनिटाइजर की 200 एमएल बोतल की खुदरा कीमत 100 रुपए से अधिक नहीं होगी। अन्य आकार की बोतलों की कीमत भी इसी अनुपात में रहेंगी। ये कीमतें 30 जून, 2020 तक पूरे देश में लागू रहेंगी।
पूरे देश में अब तक 251 केस
कोरोनावायरस का संक्रमण देश में गंभीर होता जा रहा है। शुक्रवार को देश में सबसे ज्यादा 50 पॉजिटिव पाए गए। इनमें 12 संक्रमण केरल में पाए गए हैं। मध्यप्रदेश में भी यह प्रवेश कर गया है। यहां जबलपुर में चार मरीज पॉजिटिव मिले हैं। इनमें से तीन दुबई और एक जर्मन से लौटा था। पूरे देश में अब तक कोरोना के 251 केस सामने आए हैं। वहीं पूरी दुनिया में अब तक 2 लाख 65 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं और 10 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
from Dainik Bhaskar https://ift.tt/2Uag0my
via IFTTT
Comments
Post a Comment